सोशल मीडिया की बहस में ब्राह्मणों पर अपमानजनक टिप्पणी करने पर आखिरकार फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने माफी मांग ली है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि वे भविष्य में कभी ऐसे शब्द नहीं कहेंगे। दरअसल, समाज सुधारक ज्योतिबा फुले पर बनी फिल्म से जुड़े विवाद में कश्यप ने ब्राह्मणों के बारे में अपमानजनक बात कही थी। उनके बयान के बाद दिल्ली, मुंबई, इंदौर और जयपुर समेत कई शहरों में शिकायतें दर्ज हुई थीं। अनुराग कश्यप ने अपने बयान पर माफी मांगते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा- मैं गुस्से में किसी एक को जवाब देने में अपनी मर्यादा भूल गया और पूरे ब्राह्मण समाज को बुरा बोल डाला। वो समाज जिसके तमाम लोग मेरी जिंदगी में रहे हैं, आज भी हैं और बहुत कॉन्ट्रिब्यूट करते हैं। आज वो सब मुझसे आहत हैं। मेरा परिवार मुझसे आहत है। बहुत सारे बुद्धिजीवी, जिनकी मैं इज्जत करता हूं मेरे गुस्से में, मेरे बोलने के तरीके से आहत हैं। मैंने ऐसी बात करके अपनी ही बात को मुद्दे से भटका दिया। मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं, इस समाज से, जिनको मैं ये नहीं कहना चाह रहा था, लेकिन आवेश में किसी की घटिया टिप्पणी का जवाब देते हुए लिख दिया। मैं माफी मांगता हूं, अपने उन तमाम सहयोगी दोस्तों, अपने परिवार से और उस समाज से, अपने बोलने के तरीके के लिए, अभद्र भाषा के लिए। अब आगे से ऐसा न हो, मैं उस पर काम करूंगा। अपने गुस्से पर काम करूंगा। और मुद्दे की बात अगर करनी हो तो सही शब्दों का इस्तेमाल करूंगा। आशा है आप मुझे माफ कर देंगे। कैसे शुरू हुआ विवाद दरअसल प्रतीक गांधी और पत्रलेखा स्टारर फिल्म फुले 11 अप्रैल को रिलीज की जाने वाली थी। यह फिल्म समाज सुधारक ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जिंदगी पर आधारित है। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म पर जातिवाद के आरोप लग रहे थे, जिसके बाद सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म में कई बदलाव करने के सुझाव दिए थे। सीधे तौर पर अनुराग कश्यप का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं था, हालांकि सेंसर बोर्ड का रवैया देखकर उन्होंने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर अपनी राय रखनी शुरू कर दी। उन्होंने 5 दिन पहले फिल्म फुले और जातिवाद के मुद्दे पर एक पोस्ट शेयर की। अनुराग कश्यप की इस पोस्ट पर एक शख्स ने कमेंट किया, ब्राह्मण तुम्हारे बाप हैं। जितना तुम्हारी उनसे सुलगेगी, उतनी तुम्हारी सुलगाएंगे। इस कमेंट पर अनुराग कश्यप ने भी रिप्लाई किया। अनुराग के रिप्लाई की भाषा ऐसी थी, जिसे लिखना अमर्यादित होगा। अनुराग कश्यप के कमेंट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और ब्राह्मण समाज ने उनकी आलोचना करना शुरू कर दिया। कई शहरों में उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज हुईं और उनके विरोध में पुतले तक जलाए गए। अनुराग यहां भी नहीं थमे। उन्होंने अपने कमेंट का स्क्रीनशॉट शेयर कर ऐसे-ऐसे बयान दिए, जिन्होंने आग में घी का काम किया। ब्राह्मण संगठन ने मुंह काला करने वाले को इनाम देने की घोषणा की अनुराग कश्यप पर विवादित बयान के चलते कई शहरों में शिकायतें दर्ज हुई हैं। हाल ही मेंं कई हिंदु संगठनों ने इस मुद्दे पर एक बैठक की थी। इस बैठक की अध्यक्षता चाणक्य सेना के पंडित सुरेश मिश्रा ने की। उन्होंने कहा है कि ब्राह्मणों पर ऐसी टिप्पणी करने वाले को भरे समाज में शर्मिंदा किया जाएगा, जिससे ये एक उदाहरण बन जाए। साथ ही उन्होंने मीडिया से कहा कि जो भी शख्स अनुराग कश्यप का मुंह काला करेगा, वो उसे 1 लाख रुपए का इनाम देंगे। 52 साल के अनुराग कश्यप फिल्ममेकर होने के साथ-साथ एक्टर भी हैं। उन्होंने करियर में ब्लैक फ्राइडे, गुलाल, देव डी, गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन किया है। साथ ही वो बतौर एक्टर देव डी, महाराज, गुलाल, लक बाय चांस जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इन वजहों से भी विवादों में रह चुके हैं अनुराग कश्यप फिल्म इंडस्ट्री को कहा टॉक्सिक: कुछ समय पहले ही अनुराग कश्यप ने इंडस्ट्री छोड़ने की अनाउंसमेंट की थी। द हिंदू को दिए एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने कहा, मैंने मुंबई छोड़ दिया है। मैं इस इंडस्ट्री के लोगों से दूर जाना चाहता हूं। कोई भी शहर सिर्फ इमारतों से नहीं लोगों से बनता है और इस शहर में लोग एक-दूसरे को नीचे धकेलने में लगे हुए हैं। फिल्म शुरू करते ही लोग सोचने लगते हैं कि फिल्म को बेचेंगे कैसे। क्रिएटिविटी की कोई बात नहीं कर रहा है। फिल्म बनाने का मजा अब यहां नहीं है। आगे उन्होंने कहा था, ऐसा नहीं है कि यहां क्रिएटिव लोग नहीं है, लेकिन उनके लिए इस सिस्टम में आगे जाने के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इसलिए मैं यहां से दूर जा रहा हूं। अगले साल तक मुंबई शहर छोड़ दूंगा। कई फिल्ममेकर्स ने इंडस्ट्री के बदलते माहौल के कारण मुंबई छोड़ा है। कई लोग मिडिल ईस्ट, पुर्तगाल, लंदन, जर्मनी और अमेरिका शिफ्ट हो रहे हैं। सिख समुदाय के आरोपों पर मांगी थी माफी:अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी फिल्म मनमर्जियां के कुछ दृश्यों पर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई थी। दरअसल, फिल्म में एक्टर को पगड़ी उतारकर स्मोकिंग करते दिखाया गया था। विवादों बढ़ने पर अनुराग कश्यप को माफी मांगनी पड़ी थी। उन्होंने लिखा था, मैं माफी मांगता हूं अगर किसी को ठेस पहुंची है। लेकिन मैं रिक्वेस्ट करता हूं कि इसे राजनैतिक मुद्दा न बनाएं क्योंकि ऐसा नहीं है। मैंने हमेशा एजेंडा के बिना चीजों को दिखाया है। टेक्नोलॉजी हमें ऐसे सीन काटने की इजाजत नहीं देती है और ऐसा करना कहानी को प्रभावित करेगा। तो मैं निश्चित ही अब ऐसा नहीं कर सकता। केआरके ने मरने की खबर डाली तो भड़के अनुराग कश्यप: साल 2020 में खुद को फिल्म क्रिटिक बताने वाले कमाल राशिद खान ने एक पोस्ट शेयर कर अनुराग कश्यप के निधन पर पोस्ट शेयर किया था। इसके जवाब में फिल्ममेकर ने लिखा, कल यमराज के दर्शन हुए। आज यमराज खुद घर आकर छोड़के गए। बोले- अभी तो और फिल्में बनानी हैं तुम्हे। तुम फिल्म नहीं बनाओगे और बेवकूफ/भक्त उसका बायकॉट नहीं करेंगे तो उनका जीवन सार्थक नहीं होगा। उनको सार्थकता मिले, इसलिए वापस छोड़ गए मुझे। बाद में कमाल राशित खान ने अनुराग कश्यप से माफी मांगी थी। अनुराग कश्यप ने साल 1997 में आरती बजाज से शादी की थी। इस शादी से उन्हें एक बेटी आलिया है। ये शादी महज 12 साल चली और दोनों ने तलाक ले लिया। इसके बाद अनुराग कश्यप ने साल 2011 में कल्कि कोचलिन से शादी की थी। हालांकि 3 साल बाद दोनों ने तलाक ले लिया। ये खबर भी पढ़ें- अनुराग कश्यप के ब्राह्मणों पर दिए आपत्तिजनक कमेंट पर बवाल:मनोज मुंतशिर ने दे डाली खुली चेतावनी, कहा- औकात में रहो, कई जगह शिकायत दर्ज ब्राह्मणों पर दिए गए विवाद पर लिरिसिस्ट मनोज मुंतशिर ने अनुराग कश्यप पर भड़कते हुए अनुराग को खुली चेतावनी दे दी है। मनोज मुंतशिर ने एक वीडियो जारी कर कहा था, आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम हो तो शब्दों पर कंट्रोल रखना जरूरी है। अनुराग कश्यप, तुम्हारी तो आमदनी भी कम है और जानकारी भी इसलिए दोनों पर कंट्रोल करो। तुम्हारे शरीर में इतना पानी नहीं है कि ब्राह्मणों की इंच भर लीगेसी को दूषित कर पाओ। पूरी खबर पढ़िए…
गुस्से में पूरे ब्राह्मण समाज को बोल दिया बुरा:अनुराग कश्यप ने मांगी माफी, कहा- अपनी मर्यादा भूल गया, भविष्य में ऐसी गलती नहीं करूंगा
